पुण्य स्नान व दान के साथ मनाया गया मकर संक्रांति पर्व
सहजाद आलम /महुआडांड़
महुआडांड़ प्रखंड मुख्यालय समेत सभी ग्रामीण क्षेत्रों में मकर संक्रान्ति का त्योहार धूमधाम से मनाया गया। कड़ाके की ठंड के बावजूद लोगों ने नई ऊर्जा एवं समृद्धि की कामना के साथ घरों एवं नदियों में पुण्य स्नान कर पूजा अर्चना की। एवं प्रसाद के रूप में दही, गुड़, तिलकुट, चूड़ा का प्रसाद ग्रहण किया। साथ ही एक दूसरे को भी प्रसाद खिलाते नजर आए। इस अवसर पर अवकाश का लुफ्त उठाते हुए लोग गुनगुनी धूप का आनंद लेते हुए अपने बच्चों के साथ पतंग उड़ाते भी नजर आए। आसमान में रंग बिरंगी पतंगे उड़ती नजर आई। त्योहार को लेकर बाजारों में भी रौनक रही। विशेष कर तिलकुट, चूड़ा, गुड़ की खरीदारी लोगों ने जमकर की।