महुआडांड़ डाल्टनगंज मुख्य पथ पर सड़क दुर्घटना वृद्ध महिला की मौत
मो0 सहजाद आलम /महुआडांड़
महुआडांड़ थाना क्षेत्र अंतर्गत अक्सी पंचायत के ग्राम चेतमा के समीप महुआडांड़ मेदिनीनगर मुख्य सड़क पर सड़क दुर्घटना में एक वृद्ध महिला की मौत हो गई।जानकारी के अनुसार वृद्ध महिला क्रिस्टीना कुजूर पति स्वर्गीय मारकुश किंडो छिपादोहर में अपने पुत्र के पास रहती थी। जहां से वह अपने अन्य तीन पुत्र जो की गांव चेतमा में रहते हैं उनके पास आई थी। इसी दौरान अपने पोते नेम्हा किंडो के साथ टीमकीताड़़ अपने ननद के घर मिलने गई थी। जहां से अपने पोते के साथ टेंपो में सवार होकर रात्रि करीब 8:00 बजे लौट रही थी। टेंपो उन्ही का पोता नेम्हा किंडो चला रहा था, जो की काफी नशे की हालत में था। कुछ दुरी पर टेंपो अनियंत्रित हो गया जिसके कारण बुजुर्ग महिला टेंपो से नीचे गिर पड़ी। जिसके बाद नेम्हा किंडो नशे की हालत उसे कुछ समझ में नहीं आया।वह घबरा कर वहां से फरार हो कर वह अपने घर पहुंच गए।और घटना की जानकारी भी घरवालों को नहीं दिया। घर में वह बोला कि दादी (वृद्ध महिला) को ग्राम बांसकरचा में छोड़ कर आया है। जिसके बाद दुसरे दिन सुबह में बुजुर्ग महिला की शव सड़क पर मिली। घटना की जानकारी मिलने के बाद अक्सी पंचायत की मुखिया रोजलिया कुजूर घटनास्थल पर पहुंची। और आरोपी नेम्हा किंडो से पूछताछ करने लगी। जिसके बाद घटना का खुलासा हुआ। अक्सी पंचायत के मुखिया रोजलिया कुजूर ने बताया की घटना के तुरंत बाद अगर घायल महिला को इलाज के लिए ले जाया जाता तो वृद्ध महिला की जान बच सकती थी। वहीं इस घटना की सूचना महुआडांड़ थाना पुलिस को दिया गया जिसके बाद महुआडांड़ थाना पुलिस सुबह घटनास्थल पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए लातेहार भेज दिया है।